भारत जोड़ो न्याय यात्रा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से संघर्षभरी शुरुआत और असम में हिमंत बिस्वा सरमा से टकराव के बाद अब पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली है।” कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज असम के पश्चिम बंगाल में एंट्री करने वाली है। पश्चिम बंगाल का सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस इंडिया गठबंधन में शामिल हैं। बता दें, टीएमसी ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।
हालांकि, इंडिया गठबंधन में अभी काफी संघर्ष चल रहा है। एक दिन पहले ही बनर्जी ने कहा था कि गठबंधन ने मेरा एक भी प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। ऐसे में हमारी पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में किसी भी पार्टी में तालमेल नहीं है। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए भी उन्हें अब तक न्योता नहीं भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हम सेक्युलर पार्टी हैं और भाजपा को हराने के लिए हमें जो करना होगा हम करेंगे। हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, इसके बावजूद भारत जोड़ो यात्रा निकालने को लेकर हमसे बात नहीं की गई। बंगाल से जुड़े किसी भी मामले में हमारा उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ है।
मणिपुर और असम में टकराव तो स्वाभाविक था, पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए थोड़ी सहूलियत हो सकती थी। लेकिन ममता बनर्जी के अकेले लोक सभा चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद हालात काफी हद तक बदल चुके हैं।
कांग्रेस की यात्रा 25 जनवरी को बंगाल के कूच बिहार जिले के बक्शिरहाट से राज्य में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी शहर के मां भवानी चौक से पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यात्रा 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश कर जाएगी। हालांकि, 31 जनवरी को यात्रा दोबारा मालदा से बंगाल में घुसेगी। बंगाल में यात्रा जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दार्जिलिंग, मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों से गुजरेगी। यात्रा बंगाल में कुल पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी छह जिलों और छह लोकसभा सीटों में जाएंगे।
लोकसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।
