इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन: कन्नौज शहर के इत्र कारोबारियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के यहां मिले भारी कैश के बाद अब सपा एमएलसी इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन निवासी चिपट्टी और अयूब मियां के आवास और कारखानों में आईटी की टीमों ने छापा मारा है।
पुष्पराज उर्फ पंपी जैन के कानपुर, कन्नौज, हाथरस, दिल्ली, मुंबई और लखनऊ के 35 ठिकानों पर आयकर की जांच जारी। कर चोरी की आशंका पर यह कार्रवाई की जा रही है।इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन अखिलेश यादव के करीबी है और हाल में उन्होंने समाजवादी इत्र लांच किया था।
सपा एमएलसी पुष्पराज जैन की हाथरस के कस्बा हसायन में इत्र की फैक्टरी पर शुक्रवार को कई टीमों ने छापेमारी की कार्रवाई की। यह टीमें कई गाड़ियों में यहां आईं और अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। यह फैक्टरी पिछले कई साल से बंद है। पुष्पराज जैन सपा के एमएलसी हैं। बंद पड़ी इस फैक्टरी को कई टीमें खंगाल रही थीं। स्थानीय अधिकारियों को इस कार्रवाई से दूर रखा गया। वहीं इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य इत्र व्यावसायियों में खलबली मची हुई रही।