केजरीवाल को कोरोना: विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए इस चुनावी माहौल में राजनेता लोग लगातार अलग-अलग राज्यों में जा- जाकर रैलियां कर रहे हैं और इसी वजह से इन दिनों बड़ी संख्या में नेता भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद मंगलवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी है कि वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं और एहतियात के तौर पर होम आइसोलेट हैं। अरविंद केजरीवाल के कोरोना संक्रमित होने की खबरें बीते साल भी फैली थीं, हालांकि उन्होंने बताया था कि कुछ लक्षण आने पर उन्होंने कोरोना का टेस्ट कराया था लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद वह एहतियात के तौर पर होम आइसोलेशन में चले गए थे।
बीते साल केजरीवाल की पत्नी भी कोरोना संक्रमित हो गईं थीं। उनकी हालत काफी गंभीर थी। होम आइसोलेशन में परेशानी आने के बाद उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब वहां भी उनकी हालत नहीं सुधरी तो उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां लंबे इलाज के बाद वह ठीक होकर घर वापस लौटीं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को भी साल 2020 में कोरोना हो गया था। उन्हें भी पहले राजीव गांधी अस्पताल फिर मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह मौत के मुंह से बाहर आए। दिल्ली के डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी कोरोना संक्रमित हुए थे जिसके बाद उनका काफी दिनों तक अस्पताल में इलाज चला और तब जाकर वह ठीक हो सके। उनकी हालत भी बीच में काफी गंभीर हो गई थी। इसके अलावा आप नेता आतिषी, राघव चड्ढा व कई अन्य नेता व विधायक भी कोरोना पॉजिटिव हुए थे।