उप चुनाव : आज यानी बृहस्पतिवार को आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा क्षेत्र में उप चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद आजमगढ़ उपचुनाव में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव प्रत्याशी हैं तो आजम खां के इस्तीफे के बाद रामपुर से उनके शागिर्द आसिम राजा मैदान में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व आजम खां द्वारा सांसद पद से इस्तीफे से खाली हुई रामपुर और आजमगढ़ सीट पर उप चुनाव कराया जा रहा है। रामपुर में 6 और आजमगढ़ में 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कुल 35.45 लाख मतदाता करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कोविड-19 के मद्देनजर मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रामपुर लोकसभा क्षेत्र में 6 और आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव में 13 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहें हैं। आजमगढ़ में 1 महिला अभ्यर्थी भी चुनाव लड़ रही है।
उन्होंने बताया कि उप चुनाव में कुल 4234 पोलिंग बूथ बनाए गए है। मतदान पर निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 2 सामान्य प्रेक्षक तथा 02 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं। इनके अतिरिक्त 291 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 40 जोनल मजिस्ट्रेट, 10 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 433 माइक्रो पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उप चुनाव में 35.45 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18.78 लाख़ पुरूष और 16.67 लाख महिला तथा 218 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
