सीबीआई: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने सोमवार को दिल्ली में राजकोट की मंदीप इंडस्ट्रीज व उसके निदेशकों व साझेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इन सभी पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ 44.64 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
कंपनी ने वर्ष 2014 से 2020 के दौरान साजिश रच कर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से करीब 47.30 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट व टर्म लोन मंजूर कराया। उन्होंने कहा कि इस बैंक खाते को 15 जनवरी, 2020 को ब्याज और किश्तों की अदायगी नहीं करने के कारण गैर-निष्पादित संपत्ति (npa) घोषित किया गया। इससे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को 44.64 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
सीबीआई के अधिकारियों ने सोमवार को दिल्ली में उक्त कंपनी व उसके कर्ताधर्ताओं के खिलाफ केस दायर किए जाने की जानकारी दी। जिन पर केस दर्ज किया गया है, उनमें कंपनी के निदेशक व साझेदार आशीष बी तलवैया, किशोर भाई एच वैष्णवी, श्री रामजी भाई एच गजेरा, कल्पेश प्रवीण भाई तलवैया, भावेश एम तलवैया व अज्ञात सरकारी अधिकारी शामिल हैं।