मानसून सत्र: आज से उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू होगा। सत्र के दौरान सरकार चालू वित्तीय वर्ष (2024-25) के लिए करीब अपना पहला अनूपूरक बजट पेश करेगी। इस बजट का आकार 20 हजार करोड़ रुपये का होने का अनुमान है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 30 जुलाई को अनुपूरक पेश करेंगे। एक अगस्त को इसे पारित किया जाएगा। इसके अलावा सत्र में एक दर्जन से अधिक अध्यादेशों को भी पारित कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य विधानसभा के मानसून सत्र से पहले विधायक दल की बैठक की। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज विधानसभा सत्र प्रारंभ होगा। विधानसभा में प्रदेश के विकास के लिए हम अनुपूरक बजट लाने वाले हैं। विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
आपको बता दें कि सत्र के दौरान विपक्ष का रूख भी अक्रामक होने की पूरी संभावना है। हालांकि, रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में सभी दलीय नेताओं ने सुचारू रूप से सदन चलाने में सहयोग करने का भरोसा दिया है।
सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सार्थक चर्चा करने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की अपील की। उन्होंने सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी दलीय नेताओं से सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वह सदन में अपना पक्ष शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अंतर्गत रखते हुए प्रेमपूर्ण वातावरण में सदन में बहस करें। वहीं, सूत्रों की मानें तो विपक्ष की बाढ़, सूखा, बिजली कटौती और किसानों से जुड़े मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है।
