वाराणसी: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान सर्वाधिक समय तक मुख्यमंत्री के पद पर रहे योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरी पारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही एक्शन मोड में हैं।
दूसरी बार मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ तीन अप्रैल को नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की अगवानी के लिए वाराणसी आएंगे। इस दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक भी हो सकती है। दो दिवसीय दौरे पर सीएम योगी वाराणसी के विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं। रविवार को सीएम योगी का पहला वाराणसी दौरा होगा। इस दौरान पार्टी की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। इसमें जिले की आठों विधानसभा में मिली जीत पर मुख्यमंत्री जनता का आभार प्रकट कर सकते हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नेपाल के पीएम शेरबहादुर देउबा की अगवानी के बाद काशी विश्वनाथ धाम से लेकर पशुपतिनाथ मंदिर में होने वाले आयोजनों में मुख्यमंत्री उनके साथ रहेंगे। वाराणसी में नेपाली समाज के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। ऐसे में नेपाल के पीएम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कुछ मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।मुख्यमंत्री कार्यालय से आगमन की सूचना के बाद प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से तीन दिन के अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर तथा वाराणसी के दौरे पर रहेंगे l