कांग्रेस अध्यक्ष पद: आगामी कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गहमागहमी का दौर जारी है। मल्लिकार्जुन खरगे सहित शशि थरूर और केएन त्रिपाठी ने इस पद की उम्मीदवारी के लिए अपना-अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल करने के बाद अब इस पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद’ से अपना इस्तीफे दे दिया है।
कांग्रेस के विश्वासपात्र नेता मल्लिकार्जुन खरगे व इनके अलावा सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरुर और केएन त्रिपाठी ने शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष पोल के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में एलओपी पद से अपना इस्तीफा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है।
बता दें कि एक व्यक्ति एक पद फार्मूले के तहत अशोक गहलोत को पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। कर्नाटक के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खरगे का नया पार्टी अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। अचानक ही पद की दौड़ में शामिल हुए खरगे का जी-23 के नेताओं ने भी समर्थन किया है। हालांकि, इनका मुकाबला सांसद शशि थरूर से होगा। नए अध्यक्ष की अधिकृत घोषणा 19 अक्तूबर को होगी।
