कांग्रेस: लोकसभा चुनाव से पहले, भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 14 जनवरी से पूर्वोत्तर भारतीय प्रदेश मणिपुर से मुंबई “भारत न्याय यात्रा” शुरू करने जा रहे हैं। 6,200 किलोमीटर की यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों को कवर करेगा और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगा। इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इंफाल से हरी झंडी दिखाएंगे। खबरों के मुताबिक कांग्रेस के इस आयोजन में पार्टी आलाकमान के अलावा प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता भी शिरकत करेंगे।
पार्टी के कार्यक्रम से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर ही जनसंपर्क की नई कवायद कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर मौजूद लोगों से बातचीत करने का प्रयास किया जाएगा।
वेणुगोपाल के मुताबिक, बीते 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करने का फैसला लिया गया। समिति ने स्वीकार किया कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक जाने वाली इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर से ही करनी चाहिए। राहुल गांधी भी समिति में बनी आम सहमति पर राजी हो गए। 65 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान राहुल और अन्य कांग्रेस नेता 14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के विपरीत, इस बार बस से 6,200 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल के मुताबिक बस यात्रा के दौरान आम लोगों को बड़ी संख्या में राहुल से मिलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूरे सफर के दौरान समय-समय पर थोड़ी दूरी तक पदयात्रा की योजना भी बनाई गई है।
बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने पिछले साल 6 सितंबर को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। 150 दिनों में 4500 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा के दौरान व्यापक जनसंपर्क अभियान हुआ था।