कोरोना का कहर: कोरोना वायरस ने देशभर में एक बार फिर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। रोजाना हजारों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। नए संक्रमितों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना की खतरनाक बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं।
देश में कोरोना की खतरनाक रफ्तार ने लोगों के साथ-साथ राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। कई राज्यों में सख्त कदम उठाने के बावजूद कोरोना की बेलगाम रफ्तार रुकने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के एक लाख 17 हजार 100(1,17,100) मामले सामने आए हैं जो कि पिछले सात महीनों में सबसे अधिक है।
देश में अब सक्रिय मरीज बढ़कर तीन लाख 71 हजार (3,71,363) हो गए हैं जो कि चिंताजनक है। वहीं देश में अब देश में अब तक इस जानलेवा वायरस के कुल 4,83,178 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं एक अच्छी बात यह है कि देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 149.66 करोड़ हो गया है।
देश के पांच सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य
देश में टॉप पांच संक्रमित राज्यों की बात करें, तो महाराष्ट्र में 36265 मामले, पश्चिम बंगाल में 15421 मामले, दिल्ली में 15097 मामले, तमिलनाडु में 6983 मामले, कर्नाटक में 5031 मामले सामने आ चुके हैं। भारत में कुल केसों में 67.29 फीसदी नए केस इन्हीं 5 राज्यों से आए हैं। जबकि कुल केसों के 30.97 फीसदी केस महाराष्ट्र से मिले हैं।
