कोरोना का कहर: नये साल शुरू होने के साथ साथ भारत में कोरोना का कहर भी शुरू हो गया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं। खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है। भारत में कोराना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है।
भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर से तेज होती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 37,379 नए मामले सामने आए हैं और 124 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 11,007 मरीज स्वस्थ भी हुए। लेकिन इस बीच सक्रिय मरीजों की संख्या ने चिंता बढ़ा दी है।
देश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1,71,830 हो गई है जो कि चिंताजनक है। देश में दैनिक संक्रमण दर 3.24 फीसदी हो गई है। वहीं अब तक कुल मृतकों की संख्या 4,82,017 हो गई है। जबकि स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या की बात करें तो 3,43,06,414 हो गई है। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 146 करोड़ को पार कर गया है।