दिल्ली: आज (25 दिसंबर) मध्य रात्रि के शुरू होते ही चर्च में प्रभु ईसा मसीह के जन्म का जश्न शुरू हो गया है। देश क्रिसमिस का पर्व मना रहा है। चर्चों में विशेष प्रार्थना और मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया।
इस बीच, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल कैथोलिक चर्च पहुंचे और प्रेयर में शामिल हुए। ये चर्च दिल्ली में गोल डाकखाना इलाके में स्थित है।
वहां पादरी ने नड्डा की अगुवानी की और प्रभु यीशु के बारे में जानकारी दी। नड्डा ने प्रभु यीशु मसीह से संबंधित झांकी भी देखी। बाद में नड्डा ने दान पात्र में पैसे रखे और प्रभु यीशु को नमन किया। नड्डा के साथ अन्य बीजेपी नेता भी चर्च पहुंचे थे।
चर्च से बाहर आने के बाद नड्डा ने कहा, मैंने ईसा मसीह से आशीर्वाद लिया। हम सभी जानते हैं कि भगवान यीशु हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। प्रभु यीशु ने मानवता के लिए अपना जीवन लगाया है। आज उन्हें और उनकी शिक्षाओं को याद करने का दिन है। मैं सभी लोगों से कहना चाहूंगा कि हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने लोगों और समाज में सद्भाव, शांति के मार्ग पर चलने की सीख दी है। उनके बताए रास्ते पर चलना होगा। सौहार्दपूर्ण वातावरण में देश-दुनिया में मानवता शांति और विकास के लिए अपने आपको लगाएं। यही प्रभु यीशु से प्रार्थना करते हैं। यही उनके प्रति हमारा आदर होगा। मैं अपनी और पार्टी की तरफ से क्रिसमस के अवसर पर शुभकामनाएं देता हूं।
बता दें कि ईसाई धर्मावलंबियों में उत्साह का माहौल है। प्रभु यीशु ने विश्व को शांति और प्रेम का पाठ पढ़ाया हैं।