वायु प्रदूषण: मौसमी दशाओं का साथ न देने की वजह से दिल्ली समेत पुरे एनसीआर के शहरों की हवा बिगड़ गई। कल एनसीआर का मानेसर 412 एक्यूआई के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर रिकॉर्ड हुआ। वहीं, 404 एक्यूआई के साथ दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित व 401 एक्यूआई के साथ हिसार तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा है। आज सवेरे दिल्ली का एक्यूआई 381 दर्ज किया गया है। राजधानी दिल्ली में ठंड और कोहरे के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग आग तापते नजर आए।
उधर, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक(एक्यूआई) बहुत खराब श्रेणी में (381) दर्ज किया गया है। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए दिल्ली में लोग रैन बसेरे में भी रह रहे हैं। जिसके केयर टेकर ने बताया कि यहां यूपी, बंगाल से लोग आए हुए हैं। सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। दो वक्त का भोजन, मेडिकल और चाय की व्यवस्था भी की गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली के एक्यूआई में 42 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक दिन पहले यह 362 रहा था। वहीं, एनसीआर में शामिल रोहतक, मुरादाबाद, मेरठ, हापुड़, चरखी दादरी, मानेसर, हिसार, फरीदाबाद, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम व नोएडा समेत अन्य शहरों की हवा भी बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड हुई है।
दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े
मानेसर-412
दिल्ली- 404
हिसार- 401
फरीदाबाद- 334
गाजियाबाद- 363
ग्रेटर नोएडा-331
गुरुग्राम-385
नोएडा-380
रोहतक- 342
मुरादाबाद-306
मेरठ- 355
हापुड़- 379
चरखी दादरी-380
दिल्ली के पांच हॉटस्पॉट
ओखला
जहांगीरपुरी
रोहिणी
पटपड़गंज
अलीपुर