मिठौरा प्रभारी मणिकांत द्विवेदी की रिपोर्ट
सिन्दुरिया
महाराजगंज: विकास खण्ड मिठौरा अन्तर्गत ग्राम पंचायत विश्वनाथपुर पड़वनिया में पूर्व ग्राम प्रधान सुदामा के घर के दक्षिण तरफ इण्डिया मार्का टू हैण्डपम्प विगत पाँच वर्ष से खराब है और नीचे धँस गया है। जिसके पास में ईंट रखा हुआ है। इसी तरह भरत मौर्या के घर के पास करीब एक वर्ष से हैंडपम्प खराब पडा़ है किन्तु कोई पूछनहार नहीं है । इतना ही नहीं तीसरा हैंडपम्प प्राथमिक विद्यालय के दक्षिण में मुख्य चौराहे पर लगभग दो साल से खराब है ।

जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सचिव से कई बार की गयी। किन्तु किसी ने भी इस पेयजल व्यवस्था को सुधारने हेतु इस ओर ध्यान नहीं दिया । जिसकी वजह से थक – हार कर ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार झा से किया है। जिसमें राजाराम, कलावती, कृष्ण कुमार, रामा भारती, ओमप्रकाश गौड़, लल्लन, जैनुद्दीन , भरत मौर्या , सुबाष शाही आदि के नाम शामिल हैं ।

इस समस्या के सम्बन्ध में प्रभारी एडीओ पंचायत पवन कुमार गुप्ता का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है । यदि ऐसी समस्या है तो इसका निराकरण शीघ्र ही कराया जाएगा ।