सियासत: महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर को लेकर शुरू हुआ ठाकरे परिवार के बीच विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मामला अयोध्या और भगवान राम से जुड़ा है। ताजा समाचार यह है कि अगले दो महीने में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे अयोध्या में राम मंदिर का रुख करने वाले हैं। राज ठाकरे ने 5 जून को अयोध्या की यात्रा करने का ऐलान किया तो आदित्य ने चाचा राज ठाकरे के ऐलान के बाद कहा कि वह भी अयोध्या में भगवान राम के मंदिर जाएंगे।
दोनों ही नेता इस वक्त लाउडस्पीकर विवाद को लेकर आमने-सामने हैं। अब इस टकराव में हिंदुओं को अपनी तरफ खींचने का प्रयास भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में जहां राज ठाकरे ने पांच जून को अयोध्या जाने का एलान किया, वहीं उद्धव के बेटे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने भी 10 जून को राम जन्मभूमि के दर्शन के लिए जाने की घोषणा कर दी है।
दोनों ही नेताओं ने एलान किया है कि वे अयोध्या में राम जन्मभूमि जाएंगे और रामलला का आशीर्वाद हासिल करेंगे। शिवसेना ने तो आदित्य के स्वागत के लिए अयोध्या में तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उनके दौरे को लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि यह राजनीति का मुद्दा नहीं है, बल्कि हमारे धर्म का मुद्दा है।
इससे पहले राज ठाकरे ने अयोध्या जाने का एलान करते हुए कहा था कि सुप्रीम कोर्ट और केंद्र सरकार की वजह से राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो पाया। इसलिए मेरा अयोध्या जाना जरूरी है। उनकी पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने पूरी मुंबई में चलो अयोध्या के पोस्टर भी लगाए हैं। इसके जरिए लोगों से अपील की गई है कि वे राज ठाकरे के साथ पांच जून को ही अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए पहुंचें।