गोल्डन बाबा हुए गुम: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर निवासी गोल्डन बाबा नाम से मशहूर मनोज सेंगर मंगलवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गए। दोपहर तक जब उनके बारे में कोई जानकारी नहीं हुई तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। परिजनों के मुताबिक मनोज चार किलो सोना व चार किलो चांदी पहनते थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज मंगलवार भोर में उठे। नहाने के बाद पूजा की और फिर गेरुआ वस्त्र पहनकर सभी आभूषण घर पर ही उतारकर निकल गए थे। जाने से पहले उन्होंने रात में परिजनों ने अपना आधार कार्ड भी मांगा था। मोबाइल भी घर पर छोड़ दिया। जिन हालातों में वह गए हैं, उससे पूरी संभावना है कि जानबूझकर कहीं गए हैं। कई घंटे तक जब वह नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों का कहना है कि मनोज ने बताया था कि वह हॉस्टल जा रहे हैं लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में घर से निकलकर दायीं ओर जाते हुए कैद हुए हैं। जिस रूट पर वह गए हैं, उस तरफ लगे एक-एक कैमरे के फुटेज पुलिस देख रही है। डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मनोज सेंगर की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं। एक टीम सीसीटीवी फुटेज व दूसरी सर्विलांस की मदद से सुराग तलाश रही है। वहीं तीसरी टीम उनके परिचितों आदि से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
परिजनों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से मनोज कृष्ण भक्ति में लीन हैं। वह खुद को मनोजानंद महाराज कहते हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि भक्ति में लीन होने की वजह से वह कहीं चले गए। इस बिंदु पर भी जांच चल रही है।