गुजरात: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर जाएंगे।इस दौरान प्रधानमंत्री राजकोट के अटकोट में नवनिर्मित मातुश्री केडीपी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वह वहां एक नवनिर्मित अस्पताल और सहकारी संस्थानों के नेताओं के सेमिनार को संबोधित करेंगे। साथ ही नैनो यूरिया (लिक्विड) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री राजकोट जिले की जसदान तालुका में अटकोट गांव में श्री पटेल सेवा समाज की ओर से बनाए गए मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। अस्पताल के प्रबंधक न्यासी डॉ भरत बोघारा ने बताया कि 200 बिस्तरों वाला केडी परवाडिया मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल राजकोट-भावनगर राजमार्ग पर स्थित है और यह 40 करोड़ रुपये की लागत से बना है। बोघारा ने कहा कि अस्पताल से राजकोट, बोटाद, अमरेली और आसपास के अन्य जिलों के ग्रामीण इलाकों के लोगों को फायदा होगा। हम उन लोगों का मुफ्त इलाज करेंगे जिनके पास आयुष्मान भारत और सरकार द्वारा जारी किए गए अन्य कार्ड हैं।
प्रधानमंत्री मोदी गांधीनगर के महात्मा मंदिर में शाम चार बजे सहकार से समृद्धि विषय पर सहकारिता संस्थानों के नेताओं के एक सेमिनार को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री इफ्को के नैनो यूरिया (लिक्विड) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 मार्च को गुजरात दौरे पर जा चुके हैं।