हुरुन इंडिया: हुरून ग्लोबल 500 लिस्ट 2023 के हिसाब से देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज बनी है। उसके बाद टीसीएस और एचडीएफसी बैंक का नंबर आया है।
बता दें कि प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशन समूह हुरुन इंडिया ने हाल में देश की सबसे मूल्यवान 500 कंपनियों की सूची जारी की है। इनमें से 25 कंपनियां उत्तर प्रदेश की हैं। इनमें से 21 कंपनियां नोएडा, दो कानपुर, एक गाजियाबाद और एक आगरा की है।
प्रदेश की सबसे मूल्यवान कंपनियों के रूप में एचसीएल नंबर एक पर है, जिसकी नेटवर्थ 3.41 लाख करोड़ है। गाजियाबाद की डाबर इंडिया, कानपुर का घड़ी समूह और रेडटेप (नोएडा में भी) व आगरा की पीएनसी इंफ्राटेक ने भी इसमें जगह बनाई है। इन कंपनियों की कुल हैसियत करीब 11 लाख करोड़ है जो 57 देशों की जीडीपी से ज्यादा है।
सबसे ज्यादा 156 मुंबई में, 59 बंगलुरु में, 39 नई दिल्ली में हैं। खास बात ये है कि पिछले साल इन तीन शहरों की 264 कंपनियां थीं, जो इस बार घटकर 254 रह गईं। नोएडा 22 कंपनियों के साथ नौंवे स्थान पर है। नोएडा से नीचे वडोदरा, कोयम्बटूर, नागपुर,जयपुर, कोच्चि, सूरत और त्रिसूर हैं। शीर्ष दस सबसे नई कंपनियों की सूची में नोएडा की मदरसंग सुमी वायर इंडिया है।
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि बरगंडी प्राइवेट हुरुन इंडिया की ताजा सूची से साफ है कि यूपी केवल एमएसएमई ही नहीं बल्कि बड़े औद्योगिक घरानों का प्रदेश भी बन रहा है। पिछले साल इस सूची में यूपी की 22 कंपनियां थीं, जो इस वर्ष बढ़कर 25 हो गईं। सबसे ज्यादा मूल्यवान कंपनियों वाले राज्यों की फेहरिस्त में उत्तर प्रदेश का आठवां स्थान है। महज एक साल में प्रदेश ने तीन पायदान की तरक्की की है। यूपी से ऊपर महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल हैं।
टॉप फाइव कंपनियां….
रिलायंस 15.64 लाख करोड़
टीसीएस 12.36 लाख करोड़
एचडीएफसी 11.25 लाख करोड़
आईसीआईसीआई 06.45 लाख करोड़
इंफोसिस 05.71 लाख करोड़
एशिया के सबसे रईस इंसान मुकेश अंबानी का दबदबा कायम है और उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने एक बार फिर देश की टॉप कंपनी का खिताब अपने नाम किया है।