ताजमहल: आजादी का अमृत महोत्सव में एएसआइ ने देशभर के स्मारकों को फ्री कर रखा है। ताजमहल के दीदार को प्रतिदिन औसतन 50 हजार पर्यटक आ रहे हैं। ताजमहल में उमड़ रही भीड़ से पर्यटकों की सुरक्षा को उत्पन्न हुए खतरे को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने मुख्य मकबरे को बंद रखने का निर्णय लिया है। शनिवार से सोमवार तक चमेली फर्श के ऊपर स्थित मुख्य मकबरे में पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इससे पर्यटक शाहजहां और मुमताज की कब्रों का दीदार नहीं कर पाएंगे।
ताजमहल में आज से सोमवार तक पर्यटक शाहजहां-मुमताज की कब्र वाले मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। 15 अगस्त तक निशुल्क प्रवेश की सुविधा के कारण ताजमहल पर 75 हजार से ज्यादा सैलानी पहुंच रहे थे, जिस वजह से पर्यटकों और स्मारक की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया था। इसको देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने यह फैसला लिया है।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि शुक्रवार को ताजमहल की साप्ताहिक बंदी होती है। दोपहर में दो घंटे केवल नमाजियों के लिए ताज खोला जाता है। ऐसे में रक्षाबंधन की छुट्टी में फ्री में ताजमहल देखने आए लोगों को मायूस होना पड़ा। शनिवार, रविवार और सोमवार को पर्यटक चमेली फर्श से ऊपर मुख्य मकबरे में नहीं जाएंगे। इस मकबरे के लिए सामान्य दिनों में 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क था, लेकिन निशुल्क प्रवेश के दौरान गुंबद पर भारी भीड़ पहुंच रही थी, जिससे पर्यटकों के नीचे गिरने, हादसे की आशंका थी।
