स्वतंत्रता दिवस: आज भारत आजादी के 75 साल पूरा कर लिया है। पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है, पूरा देश आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। साथ ही देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आजादी की 75वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर दिल्ली सरकार ने ‘हर हाथ तिरंगा’ समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में 500 तिरंगे फहराए हैं, अब दिल्ली तिरंगामय हो गई है। उन्होंने कहा,130 करोड़ देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि मिलकर प्रण लें कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाएंगे। 75 साल पहले जब भारत इकट्ठा हुआ तो अंग्रेजों को देश से बाहर फेंक दिया। एक बार फिर इकट्ठे हो जाएं तो भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनने से कोई नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय उन सभी शहीदों को याद करने का है, जिनकी शहादत और संघर्ष से आजादी मिली। यह समय उनके सपनों को याद करने का है कि वो कैसा भारत चाहते थे। बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने हमें दुनिया का सबसे बेहतरीन संविधान दिया। शहीद भगत सिंह से हमें सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने सफाई का संदेश देते हुए कहा कि यह भी प्रण लें कि अपनी तरफ से देश को गंदा नहीं करेंगे और राह चलते समय कूड़ा सड़क पर नहीं फेंकेंगे। नंबर वन देश बनाने के छोटी सी शुरुआत करनी होगी।
