भारत-बांग्लादेश ट्रेन: साल 2020 में कोरोना महामारी के चलते एहतियात के तौर पर भारत और बांग्लादेश के बीच ट्रेन सेवा बंद कर दी गई थी। कोरोना महामारी की वजह से बंद पड़ी भारत और बांग्लादेश के बीच दो साल बाद ट्रेन सेवा आज से बहाल हो गई। भारत और बांग्लादेश दोनों के यात्रियों की सुविधा के लिए आज से दोनों देशों के बीच चलने वाली बंधन एक्सप्रेस (कोलकाता – खुलना – कोलकाता) और मैत्री एक्सप्रेस (कोलकाता – ढाका – कोलकाता) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भारत-बांग्लादेश के बीच तीसरी ट्रेन सेवा मिताली एक्सप्रेस भी एक जून को न्यू जलपाईगुड़ी से ढाका के लिए शुरू होने वाली है। तीनों ट्रेनों के टिकट बुक हो चुके हैं। इस ट्रेन सेवा के फिर से जारी होने की घोषणा के बाद दोनों देशों के लोग खुश हैं
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 13132 न्यू जलपाईगुड़ी- ढाका छावनी मिताली एक्सप्रेस एक सप्ताह में दो दिन रविवार और बुधवार को चलेगी। नियमित सेवा के दौरान ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से भारतीय समयानुसार 11 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। बता दें कि मिताली एक्सप्रेस के संचालन से आने वाले समय में भारत और बांग्लादेश के संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारी एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा कि नई ट्रेन सेवाओं से भारत और बांग्लादेश के द्विपक्षीय व्यापार संबंध और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में सुधार होगा। इन सेवाओं से यात्रियों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।