आजमगढ़ लोकसभा सीट: आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा मुखिया अखिलेश यादव से परास्त होने वाले दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को फिर आजमगढ़ से मौका दिया है। उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ आज नामांकन करेंगे। उनके नामांकन में भोजपुरी सिनेस्टारों का जमावड़ा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी निरहुआ के नामांकन में शामिल हो सकते हैं।
लोकसभा उपचुनाव के नामांकन के आखिरी दिन बड़ा घमासान देखने को मिल सकता है। क्योंकि एक तरफ भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे तो दूसरी तरफ सपा प्रत्याशी द्वारा भी नामांकन दाखिल किया जाएगा। सोमवार सुबह सपा प्रत्याशी को लेकर असमंजस की स्थिति खत्म हुई। सपा ने धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वो भी आज नामांकन दाखिल करने के लिए आजमगढ़ पहुंच रहे हैं।
इधर, दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थकों द्वारा नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। निरहुआ के नामांकन के दौरान कई भोजपुरी सितारों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है। निरहुआ के समर्थकों की मानें तो नामांकन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही भोजपुरी कलाकारों में सुपर स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे, प्रवेश लाल यादव नामांकन के दौरान निकलने वाले रोड शो में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा स्मृति सिन्हा और मशहूर भोजपुरी खलनायक सुशील सिंह के भी रोड शो में शामिल होने की बात कही जा रही है।
