Health

मंकीपॉक्स: राजधानी दिल्ली में 22 वर्षीय अफ्रीकी महिला हुई मंकीपॉक्स से संक्रमित, दिल्ली में यह पांचवां मामला, एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती

मंकीपॉक्स: भारत में मंकीपॉक्स वायरस एक बार फिर पांव पसारने लगा है। अब राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स का पांचवां मामला सामने आया है। जिसमें 22 वर्षीय अफ्रीकी महिला संक्रमित पाई गई है। महिला ने पिछले महीने नाइजीरिया की यात्रा की थी। उसे 2 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और शुक्रवार रात उसकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।

लोकनायक अस्पताल में भर्ती अफ्रीका मूल की महिला मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला साउथ दिल्ली में रहती थी। मंकीपॉक्स का लक्षण मिलने के बाद उसे लोकनायक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार के मुताबिक, मंकीपॉक्स से संक्रमित पाई गई महिला मूल रूप से अफ्रीका निवासी है। लक्षण मिलने के बाद महिला के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जो पॉजिटिव आए हैं। उन्होंने कहा कि महिला की स्थिति बेहतर है।

डॉ. सुरेश ने बताया कि लोकनायक अस्पताल में मंकीपॉक्स के कुल पांच मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अस्पताल में मंकीपॉक्स के अभी चार मरीज भर्ती हैं इनमें दो महिला और दो पुरुष मरीज शामिल हैं। चारों मरीज की स्थिति बेहतर है। देश में पहला मामला केरल में विदेश से आया एक शख्स मे पाया गया था।

Most Popular

To Top