महाराष्ट्र: अंडरवर्ल्ड कनेक्शन व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसे 62 साल के महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक को 23 फरवरी को ईडी ने गिरफ्तार किया था। उन पर दाउद इब्राहिम की प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया है।
अब नवाब मलिक ने मुंबई हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है। दरअसल, ईडी द्वारा उनके खिलाफ की गई कार्रवाई से संबंधित याचिका को मुंबई हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नवाब मलिक 4 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में है।
इससे पहले मुंबई में एक विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) कोर्ट ने कहा था कि गवाहों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया मलिक की मनी लॉन्ड्रिंग में संलिप्तता नजर आती है। विशेष न्यायाधीष आरएन रोकड़े ने अपने फैसले में मलिक को भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों की गतिविधियों से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए यह टिप्पणी की थी।