India

पद्म पुरस्कार 2024: देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार का ऐलान, 132 हस्तियों को मिलेगा सम्मान

पद्म पुरस्कार 2024: गुरुवार देर रात गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर साल 2024 के देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म’ पुरस्कार विजेताओं का ऐलान किया गया। इस बार अलग-अलग क्षेत्र के 132 हस्तियों को पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। राष्ट्र ने ऐसे गुमनाम नायकों को सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो आम जनजीवन के लिए प्रेरणा हैं और उनकी जीवन गाथा लोगों को सकारात्मक संदेश दे सकती है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर इस साल 2024 के लिए पांच हस्तियों को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 110 को पद्म श्री सम्मान देने का ऐलान किया गया है। पुरस्कार पाने वालों में 30 महिलाएं भी शामिल हैं।

केंद्र सरकार ने जिन पांच हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया है। उनमें पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के अलावा हिंदी फिल्म जगत की दिग्गज अभिनेत्री वैजयंतीमाला, प्रसिद्ध नृत्यांगना पद्मा सुब्रमण्यम, दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी और सुलभ शौचालय के फाउंडर बिंदेश्वर पाठक (मरणोपरांत) शामिल हैं।

केंद्र सरकार ने जिन 17 हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया है। उनमें सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज फातिमा बीवी (मरणोपरांत) भी शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाईक, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और ताइवान की फॉक्सकॉन कंपनी के चेयरमैन यंग लिउ को भी पद्मभूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया है। इसके अलावा इस सूची में उद्योगपति सीताराम जिंदल, वरिष्ठ कार्डियोलोजिस्ट अश्विन बालचंद मेहता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यव्रत मुखर्जी, संगीतकार प्यारेलाल शर्मा, पॉप म्यूजिक की क्वीन के नाम से मशहूर उषा उत्थुप, एक्टर विजयकांत और पूर्व राज्यसभा सांसद ओलानचेरी राजगोपाल के नाम भी हैं।

आपको बता दें कि देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक, पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री। ये पुरस्कार कला, समाज सेवा, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि विभिन्न क्षेत्रों में दिए जाते हैं। ‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है; ‘पद्म भूषण’ उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और ‘पद्म श्री’ किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। ये पुरस्कार हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top