वाराणसी: शुक्रवार सुबह अपना दल की सारनाथ से ट्रैक्टर से अधिकार यात्रा निकलने वाली थी लेकिन अधिकार यात्रा से पहले ही पार्टी की अध्यक्ष कृष्णा पटेल सहित अन्य नेताओं के घर के बाहर फोर्स तैनात कर दी गई है। इससे अपना दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। अपना दल के इस कार्यक्रम को वाराणसी पुलिस-प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी।
बृहस्पतिवार रात में भी पुलिस ने अपना दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घर पर दबिश दे दी थी। हालांकि मौके पर कोई नहीं मिला। प्रदेश महासचिव और अन्य कार्यकर्ता के घरों के बाहर पुलिस ने पहरा बैठा दिया है। पुलिस के मुताबिक सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह 10 बजे ट्रैक्टर यात्रा कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने के कारण यह कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को सारनाथ वाराणसी से शुरू होकर यह यात्रा 23 को जौनपुर 24 को प्रतापगढ़ 25 को प्रयागराज गंगा पार 26 को कौशांबी 27 को फतेहपुर 28 को बांदा 29 को प्रयागराज यमुना पर होते हुए 30 को मिर्जापुर पहुचेगी। कहा कि रैली की तैयारी की जा रही है और इसे निकाला जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और पल्लवी पटेल सामाजिक न्याय, रोजगार और किसानों के अधिकारों के सवाल पर विभिन्न जनपदों में लगभग 1200 किलोमीटर ट्रैक्टर रैली निकालेंगी। जिसके माध्यम से विभिन्न जनपद के गांव-गांव तक अधिकार यात्रा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
