एहतियाती खुराक: देश में कोरोना महामारी का प्रकोप अब भी जारी है। इसी को देखते हुए सरकार ने सभी वयस्कों को एहतियाती खुराक देने का फैसला किया है। सरकारी केंद्रों पर सभी वयस्कों को मुफ्त बूस्टर डोज लगाई जा रही है। 15 जुलाई से ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के हिस्से के रूप में अगले 75 दिनों तक मुफ्त एहतियाती खुराक के लिए अभियान चलाया गया है।
एहतियाती खुराक लेने वाले 13 लाख से अधिक लोगों में करीब चार लाख बुजुर्ग हैं, जिन्हें पहले से यह खुराक निशुल्क मिल रही थी। यानी करीब नौ लाख लोगों ने (18 से 59 साल की आयु वालों) ने मुफ्त तीसरी खुराक ली।इनमें से केवल 12 हजार लोगों ने प्राइवेट केंद्र पर खुराक ली है, जबकि बाकी लोगों ने सरकारी टीकाकरण केंद्र पर जाकर निशुल्क खुराक हासिल की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अलग-अलग राज्यों में 48739 स्थानों पर टीकाकरण किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कार्यालय में भी टीकाकरण हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, कोरोना से बचने के लिए सभी लोगों के लिए टीकाकरण जरूरी है।
