महराजगंज। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) के खतरे को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी महराजगंज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आमजन की सुरक्षा और राहत के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस विभाग को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। गश्त के दौरान जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों को बिना देरी के चिकित्सा सुविधा मिल सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं।


