एनटीपीसी में प्रियदर्शिनी लेडिज क्लब ने मनाया तीज उत्सव
सन्दीप मिश्रा
रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार की महिला संस्था प्रियदर्शिनी लेडिज क्लब ने हर्षोल्लास के साथ तीज उत्सव मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ लेडिज क्लब की अध्यक्ष अनु सोनी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर मेहंदी, सांस्कृतिक नृत्य और ब्यूटी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में सुषमा, सोनिया, माधुरी, अमरावती, उर्मिला, अंशिका, लवली, नेहा और प्रीति ने विजय पाकर पुरस्कार प्राप्त किया। कमेटी के सभी सदस्यों में इस उत्सव के प्रति भरपूर उत्साह दिखा। वहीं प्रतिभागियों ने हर्षोल्लास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सामाजिक दूरी और कोविड प्रोटोकॉल के दृष्टिगत कमेटी के कई सदस्य वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का हिस्सा बनें।
समारोह को संबोधित करते हुए अनु सोनी ने कहा कि हरेक सुहागिन स्त्री के लिए तीज उत्सव का महत्व बहुत अधिक होता है। प्राचीन कथा के अनुसार देवी पार्वती ने इस व्रत के प्रभाव से भगवान शिव को पति रूप में पाया था। ईश्वर से कामना है कि यह उत्सव सभी के लिए शुभता और खुशहाली लाए। इस अवसर पर प्रियदर्शिनी महिला क्लब की उपाध्यक्ष विद्या झा, महासचिव रजनी डांग और कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
