दिल्ली: दिल्ली में बीजेपी नेता तेजिंदर पाल बग्गा के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद बीजेपी दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमलावर है l तजिंदरपाल सिंह बग्गा हिरासत मामले में आज भाजपा नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किये। पुलिस ने मनजिंदर सिंह सिरसा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया है। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि तजिंदर सिंह बग्गा के साथ जो हुआ उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
दस्तार(पगड़ी) का अपमान सिख समुदाय और देश नहीं सहेगा। पंजाब पुलिस की कार्रवाई असंवैधानिक है। केजरीवाल और भगवंत मान को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। केजरीवाल गुंडागर्दी कर रहे हैं। भाजपा दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने सत्ता का दुरुपयोग किया है। तजिंदर सिंह बग्गा केजरीवाल की तानाशाही नीतियों की आलोचना कर रहे थे। सवाल उठाना अपराध नहीं है।
केजरीवाल दिल्ली में, बग्गा भी दिल्ली में हैं, इस मामले में पंजाब पुलिस कहां से आ गई। केजरीवाल और पुलिस ने एक सिख को पगड़ी नहीं पहनने दी, इस अपमान को समुदाय बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदेश भाजपा ने तजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार की शाम आम आदमी पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने आप कार्यालय से पहले उन्हें अवरोधक लगाकर रोक दिया।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि बग्गा की गिरफ्तारी की घटना 5 हजार साल पहले महाभारत की याद दिला रही है। उस समय षड्यंत्र रचने वाला दुर्योधन थे और आज केजरीवाल के रूप में एक बौना दुर्योधन है। केजरीवाल ने तानाशाही, अन्याय, शक्ति और पद का दुरुपयोग किया है और उसका अंत भी जल्द होना है।