राज्यसभा चुनाव: महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव 2022 में भाजपा को शानदार जीत मिली है। चुनाव में महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार को झटका लगा है। वह छह में से चार सीटों पर जीत की उम्मीदें संजोए बैठी थी, लेकिन उसे भाजपा के बराबर ही यानी 3-3 सीटों पर ही जीत हासिल हुई। तो वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने क्रमश: एक-एक सीट पर जीत दर्ज की।
इससे शिवसेना नेता संजय राउत भड़क गए। उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल 48 वोट हासिल करने में सफल रहे। इसके अलावा भाजपा उम्मीदवार अनिल बोंडे ने 48 वोट के साथ जीत दर्ज की। वहीं भाजपा के धनंजय महादिक को 41.58 वोट के साथ जीत मिली। शिवसेना मे संजय राउत ने 41 वोटों के साथ जीत दर्ज की। कांग्रेस की तरफ से इमरान प्रतापगढ़ी 44 वोट हासिल कर जीत गए। एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल को 43 वोट मिले और वे भी जीतने में कामयाब रहे।
राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी प्रमोद तिवारी, रणदीप सुरजेवाला और मुकुल वासनिक विजयी हुए, जबकि भाजपा के पूर्व मंत्री घनश्याम तिवारी ही उच्च सदन पहुंच सके। राजस्थान से भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया था, जो चुनाव हार गए।
कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों पर वोटिंग हुई। यहां भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली है। एचडी देवगौड़ा की पार्टी JDS को कोई सीट नहीं मिली। भारतीय जनता पार्टी से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, दक्षिण के चर्चित अभिनेता जग्गेश और लहर सिंह सिरोया को जीत हासिल हुई है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को जीत हासिल हुई है।