उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है। वैसे ही सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी मां शाकंभरी देवी राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी आज मुरादाबाद के बुद्धि विहार में प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी। यह रैली पश्चिम यूपी में कांग्रेस की मजबूती का संदेश देगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर अपने यूपी दौरे की जानकारी दी। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, पश्चिम उत्तर प्रदेश के लिए एक विशेष दिन है। सहारनपुर में ‘मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय’ का शिलान्यास करूंगा। इसके आगे गृह मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार शिक्षा को प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य का आधार मान कर संकल्पित भाव से कार्य कर रही है।
