किसान दिवस: आज पूरे देश में राष्ट्रीय किसान दिवस मनाया जा रहा है। भारत के पांचवें प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर हर साल यह खास दिन मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर के किसानों के योगदान को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों को सम्मानित किया और कहा अन्नदाताओं को उनकी फसल का दाम मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर काम करते हैं तो नतीजे शानदार आते हैं। 2017 से पहले यूपी में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर थे। पिछली सरकार में किसान शोषण के शिकार थे। 2017 से पहले क्रय की कोई नीति नहीं थी। हमने सीधे किसानों से खरीद शुरू की। इससे किसानों को लाभ हुआ। किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिला।
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी ने चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें यादकर नमन किया। उन्होंने कहा कि कर्मठ एवं जुझारू जननेता, किसानों के कल्याण व उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले महान किसान नेता, देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को उनकी जयंती पर कोटिश: नमन। प्रदेशवासियों तथा अन्नदाताओं को ‘किसान दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।
