गणतंत्र दिवस: गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली में गणतंत्र दिवस 2024 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। अभी परेड रिहर्सल चल रही है। इस बीच संसद भवन की तरह गणतंत्र दिवस की सुरक्षा में सेंध का बड़ा मामला आया है। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के लिए बने वीआईपी एंक्लोजर में एक फौजी चाकू लेकर घुस गया। इससे दिल्ली पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी फौजी को तुरंत पकड़ लिया।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कर्तव्य पथ पर वीआईपी की बैठकों के लिए बनाए गए एंक्लोजर में एक फौजी मंगलवार दोपहर को संदिग्ध हालात में बैठा हुआ था। दिल्ली पुलिस अधिकारियों की उस पर नजर पड़ी तो आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर फौजी के कब्जे से चाकू बरामद किया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त देवेश महला की देखरेख में पुलिसकर्मी हमेशा चुस्त रहते हैं। पुलिस उपायुक्त खुद गश्त करते हैं। इसी का नतीजा है कि फौजी को तुरंत पकड़ लिया गया। फौजी की जगह कोई और संदिग्ध हो सकता था। हालांकि देर शाम तक चल रही संयुक्त रूप से पूछताछ में ये बात सामने आई है कि फौजी किसी गलत उद्देश्य से चाकू नहीं लेकर आया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि देश के इतिहास में पहली बार तीनों सेनाओं की महिलाएं एक टुकड़ी के रूप में गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगी। परेड में पहली बार परेड की शुरुआत रक्षा मंत्रालय की जगह संस्कृति मंत्रालय करेगा। इसमें परेड में लोगों को भारत में लोकतंत्र इतिहास से रूबरू होने का मौका भी मिलेगा। परेड में हजारों साल पुरानी कला, संस्कृति के साथ वर्ष 2047 में विकसित भारत की झलक भी दिखेगी।
