World

रूस-यूक्रेन युद्ध: काला सागर से अनाज निर्यात की बाधाएं खत्म करने के समझौते को बड़ा झटका, अनाज पर समझौते के बाद ओडेसा पर मिसाइल हमला

रूस-यूक्रेन युद्ध: रूस और यूक्रेन के बीच इस साल फरवरी से ही युद्ध जारी है। रूस ने यूक्रेन के कई अहम ठिकानों पर कब्जा कर लिया है। रूस और यूक्रेन के बीच जंग के चलते पूरी दुनिया में कई संकट पैदा हो गए हैं। सबसे अहम संकट खाद्यान्न आपूर्ति का है। हालांकि, इस दिशा में दोनों देशों के बीच शुक्रवार को यूएन की मध्यस्थता में बड़ा करार हुआ है।

एक दिन पहले ही संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच तुर्की में यूक्रेनी शहर ओडेसा से अनाज निर्यात की बाधा मिटाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। लेकिन शनिवार को रूसी मिसाइलों ने दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा में बुनियादी ढांचे पर हमला कर दिया। इससे काला सागर बंदरगाहों से अनाज निर्यात की बाधाएं खत्म करने के समझौते को बड़ा झटका लगा है।

यूक्रेनी ऑपरेशनल कमांड साऊथ ने टेलीग्राम एप पर लिखा, दुश्मन ने ओडेसा समुद्री व्यापार बंदरगाह पर कलिब्र क्रूज मिसाइलों से हमला किया है। इसमें कहा गया है कि दो मिसाइलों ने बंदरगाह पर बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जबकि दो अन्य को वायु रक्षा बलों ने मार गिराया है।

बता दें, मॉस्को के 24 फरवरी को यूक्रेन पर किए हमले के बाद से रूसी काला सागर बेड़े द्वारा यूक्रेनी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी गई है। इससे लाखों टन अनाज फंस गया है और कई जहाज भी बंदरगाहों पर फंसे हुए हैं। इसके चलते वैश्विक आपूर्ति शृंखला गड़बड़ा गई है और पूरी दुनिया में अनाज महंगा हो गया है। शुक्रवार को हुई समझौते से महंगे होते अनाज की कीमतों में राहत की उम्मीद बंधी थी लेकिन शनिवार के मिसाइल हमले ने इस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर रूस के हमले की निंदा की है। अमेरिका ने ड्रोन समेत यूक्रेन के लिए और ज्यादा सैन्य सहायता का वादा किया है।

Most Popular

To Top