लखनऊ: तमिलनाडु के महाबलीपुरम में 44वां शतरंज ओलंपियाड होने जा रहा है। यह शतरंज ओलंपियाड 28 जुलाई से 10 अगस्त चलेगा। शतरंज ओलंपियाड की मशाल का आज शाम यूपी राजधानी लखनऊ में स्वागत होगा। मशाल की अगवानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक करेंगे।
इंतजार की घड़ियां खत्म होने को है। क्योंकि शतरंज ओलंपियाड की मशाल रविवार शाम लखनऊ पहुंचेगी। विधानसभा के समक्ष होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मशाल की अगवानी करेंगे। इस समारोह में देश के महानतम शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे।
मशाल प्रदेश में मेरठ वाया आगरा वाया कानपुर से होते हुए शतरंज ओलंपियाड की मशाल रविवार शाम छह बजे राजधानी में प्रवेश करेगी। इसके बाद अमौसी, शहीद पथ, अर्जुन गंज, कैंट से होते हुए सीधे विधानसभा पहुंचेगी। यूपी की इंटरनेशनल मास्टर वंतिका अग्रवाल मशाल को लेकर लखनऊ पहुंचेंगी।
विधानसभा के सामने होने वाले कार्यक्रम में भारतीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष संजय कपूर मशाल को सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंपेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भारत के दिग्गज शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के हाथों में मशाल देंगे। इस दौरान योगी और विश्वनाथन आनंद प्रतीकात्मक रूप से शतरंज का लुत्फ भी उठाएंगे। एक घंटे के समारोह के बाद मशाल सीधे प्रयागराज के लिए रवाना हो जाएगी, जहां से वह वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर होते हुए राजस्थान के लिए रवाना हो जाएगी। यह तीसरा मौका होगा जब खेलों के लिए निकली मशाल यात्रा लखनऊ आएगी।