यूपी: उत्तर प्रदेश की दोबारा सत्ता संभालने के बाद योगी सरकार कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव होम अवनीश अवस्थी ने जिलों मे रेंज व जोन के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते हुए कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की और अफसरों को ज्यादा से ज्यादा भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा जिलों, रेंज व जोन में तैनात अधिकारियों से कहा है कि वे क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा भ्रमण करें। थानों व गांवों में जाकर सही स्थिति का आकलन करें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर नजर रखते हुए रिस्पांस टाइम को और बेहतर करने के भी निर्देश दिए। कहा, महिला व बाल अपराधों में लिप्त अपराधियों को पैरवी कर कड़ी सजा दिलाएं। उन्होंने जिला स्तर पर निगरानी समितियों की नियमित बैठकें कराने और चिह्नित माफिया व अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने इन अपराधियों के खिलाफ चल रहे मुकदमों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने और अधिकतम सजा दिलाने के लिए पैरवी की जाए। शासन स्तर से चिह्नित 50 माफिया पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 14 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछली लोक अदालत के मुकाबले दो गुना वादों का निपटारा समझौते से कराने का प्रयास करें।