गणतंत्र दिवस: आज पूरा देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनजर राजधानी नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। दिल्ली पुलिस मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्यपथ पर तिरंगा फहराएंगी। इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड का भव्य आयोजन किया जाएगा। 2024 गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला मैदान की ओर बढ़ेगी। सुबह 9.30 बजे नेशनल वार मेमोरियल इंडिया गेट पर संबंधित समारोह का आयोजन होगा। कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड भी इस बार खास होगी।
अभी तक हमेशा परेड की शुरुआत सैन्य बैंड के साथ होती आई है, लेकिन इस बार देशभर की 100 महिला सांस्कृतिक कलाकार पारंपरिक वाद्यों के साथ परेड का आगाज करेंगी।
गणतंत्र दिवस परेड का मुख्य आयोजन आज सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा, जो करीब 12 बजे तक चलेगा। परेड नई दिल्ली में कर्तव्य पथ से लेकर नेशनल स्टेडियम तक जाएगी, जिसकी दूरी पांच किलोमीटर है।
इस साल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस साल परेड में शामिल होने के लिए करीब 13 हजार विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। ये वे लोग हैं जिन्होंने सरकार की करीब 30 प्रमुख योजनाओं का लाभ उठाया है। इसके अलावा पेटेंट हासिल करने वाले विशेषज्ञों, इसरो की महिला वैज्ञानिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, किसानों और आदिवासी समुदाय के लोगों को भी निमंत्रण दिया गया है।
आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों जयपुर से नई दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि मैक्रों दो दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं।कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए 77 हजार सीटों की क्षमता है। इनमें से आम जनता के लिए 42 हजार सीट टिकटों के जरिये बुक की जाती हैं।
