Politics

यूपी: मुख्यमंत्री योगी व अखिलेश यादव ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर को दी श्रद्घांजलि, कल हुआ था निधन

आजमगढ़: आजमगढ़ के दीदारगंज से बसपा विधायक और यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर का सोमवार शाम निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होंने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मंगलवार सुबह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्घांजलि दी।

बसपा विधायक सुखदेव राजभर ने करीब चार माह पहले स्वास्थ्य का हवाला देते हुए राजनीति से सन्यास लेने का एलान किया था। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखकर बेटे कमलाकांत राजभर को सपा के हवाले करने की बात कही थी। इसके बाद अखिलेश यादव उनके आवास पर गए थे और मुलाकात की थी।

आजमगढ़ जिले के बड़गहन गांव निवासी सुखदेव राजभर के एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। वह वर्ष 1982 से 89 तक अखिल भारतीय राजभर महासंघ के कोषाध्यक्ष और उसके बाद अध्यक्ष रहे। वर्ष 1997 से 2002 तक विधान परिषद में रहे। मई 2002 में विधायक चुने गए और अगस्त 2003 तक मायावती मंत्रिमंडल में संसदीय कार्य मंत्री, वस्त्रोद्योग व रेशम मंत्री रहे। वर्ष 2007 से 2012 तक विधानसभा अध्यक्ष रहे। सत्रहवीं विधानसभा के लिए वर्ष 2017 में पांचवीं बार विधायक चुने गए थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top