यूपी: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों को होली तक दोगुना मुफ्त राशन वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के समय इस योजना का प्रारंभ किया गया था। जिसके बाद रामनवमी से दिवाली तक लगभग सात महीने गरीबों को मुफ्त आनाज दिया गया और अब दिवाली से होली तक अनाज का वितरण किया जाएगा। अब इस योजना के तहत गरीबों को दाल, नमक, चीनी और तेल भी दिया जा रहा है।
इस मौके पर उन्होंने योजना भवन के पास स्थित सरकारी राशन की दुकान पर खुद भी लोगों को राशन के पैकेट दिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार की सफलता है कि भाजपा सरकार ने कोरोना के मुश्किल समय में भी किसी गरीब को भूखे पेट नहीं सोने दिया। उन्होंने कहा कि ‘सबको सुरक्षा सबको सम्मान भूखा न रहे कोई इंसान‘ इसी मूल सिद्घांत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व नेतृत्व में निशुल्क राशन वितरण का महाभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना की लड़ाई से पूरा विश्व जूझ रहा था पर भारत में इसका सबसे अच्छा प्रबंधन किया गया। प्रदेश की 25 करोड़ आबादी में आज कोरोना गायब है। हमें और भी सावधानी बरतनी है। जब उपचार व खाद्यान्न मुफ्त है तो मुफ्त की वैक्सीन भी लगवाएं।