मंत्री समूह: उत्तर प्रदेश मे योगी सरकार के मंत्री विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए 10 जून से फिर मंडलों का दौरा करेंगे। दूसरे चरण के दौरे के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों के मंडलों में बदलाव किया है। मंत्री समूह 10-12 जून और फिर 17-19 जून तक मंडलों में रहेंगे। इस दौरान वे जनता से सीधे संवाद करते हुए विकास परक एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस बार मंत्रियों का मंडल इसलिए बदला गया है ताकि पिछले दौरे में मंत्री समूह ने जो फीडबैक दिए हैं उसकी वास्तविकता भी परखी जा सके।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अयोध्या मंडल और ब्रजेश पाठक को प्रयागराज मंडल का जिम्मा सौंपा गया है। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को गोरखपुर, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को लखनऊ, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को मेरठ, महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य को बस्ती, पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद को मुरादाबाद और पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद को चित्रकूट, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल नंदी को झांसी, प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल को सहारनपुर, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान को विंध्याचल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को आजमगढ़, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को वाराणसी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर को देवीपाटन, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को अलीगढ़, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी तथा गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को बरेली मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी ने लखनऊ प्रवास के दौरान मंत्रियों के साथ संवाद में मंडलीय दौरे का फीडबैक लिया था और सरकार की इस पहल की तारीफ की थी।