यूपी चुनाव 2022: इस चुनावी माहौल के बीच यूपी कांग्रेस को बड़ा एक बार फिर झटका लगा है। दो दिन पहले उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले मड़िहान (मिर्जापुर) के पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने वाराणसी के औरंगाबाद हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने गुरुवार को कांग्रेस छोड़ने का एलान कर दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा से आहत होकर ये फैसला लेना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेश ने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ कमियां दिख रही थीं और उनको दुरुस्त करने के लिए हम लोग प्रयासरत थे। स्थितियों में सुधार नहीं हुआ इसलिए मैंने पहले पद से और अब पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
ललितेश के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। वहीं पूर्वांचल में भी कांग्रेस आगे की रणनीति पर विचार कर रही है। पार्टी छोड़कर दूसरी जगह जाने के सवाल पर ललितेश ने कहा कि अभी आगे का रास्ता क्या होगा इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद इस पर विचार विमर्श किया जाएगा। आगे जाने का रास्ता उन्हीं लोगों के माध्यम से तय किया जाएगा।
कांग्रेस के लिए ललितेश पति त्रिपाठी का साथ छोड़ना दशकों से जमी पूर्वांचल में पार्टी की जमीन खिसकना माना जा रहा है।
