यूपी चुनाव 2022: यूपी की 403 विधानसभा सीटो को जीतने के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत लगा रहे है। राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशियों के नामों का भी एलान करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा ने भी यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 16, चौथे चरण की 20 और पांचवें चरण की 59 सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में तीन घंटे से अधिक समय तक चली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई।
भाजपा ने तीसरे चरण की 59 में से 16, चौथे चरण की 59 में से 20 सीटों पर प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए हैं। इनमें लखनऊ की 9 सीटें भी शामिल हैं। गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा और महामंत्री संगठन सुनील बंसल की मौजूदगी में 23 और 24 जनवरी को हुई कोर कमेटी की बैठक में तीसरे, चौथे और पांचवें चरण की सीटों के लिए प्रत्याशियों के चयन पर मंथन किया गया।
जातिगत समीकरण, सर्वे रिपोर्ट, संगठन की रिपोर्ट के आधार पर कोर कमेटी ने प्रत्याशियों का पैनल केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के लिए प्रस्तुत किया। सीईसी की बैठक में चर्चा के बाद सौ से अधिक सीटों पर प्रत्याशियों का चयन किया गया। कुछ मौजूदा विधायकों और मंत्रियों की सीटें बदली जा सकती हैं। वहीं, करीब 20 फीसदी तक मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 26 या 27 जनवरी को उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है। लखनऊ कैंट और लखनऊ पश्चिम में भी पार्टी को नए उम्मीदवार पर मशक्कत करनी पड़ रही है। सूत्रों का कहना है कि लखनऊ संसदीय क्षेत्र की सीटों का फैसला रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पर छोड़ा गया है।