यूपी पुलिस भर्ती: यूपी पुलिस भर्ती युवाओं के लिए खुशखबरी लेकर आया है। जो युवा यूपी पुलिस का हिस्सा बनने का सपना देखते हैं, उनके लिए यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2023 सबसे उपयुक्त है। सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आगामी 17 और 18 फरवरी को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा दो पालियों में होगी।
भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष डीजी रेणुका मिश्रा ने बताया कि बोर्ड द्वारा सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के चयन में पूरी सावधानी बरती जा रही है। दो दिन में इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। परीक्षा के लिए कई सेट पेपर बनाए जाएंगे।
वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी पैनी निगाह रखी जा रही है, ताकि अभ्यर्थी जालसाजों का शिकार न बनें। सिपाही भर्ती की परीक्षा को नकल माफिया और सॉल्वर गैंग की सेंधमारी से बचाने के लिए एसटीएफ और जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा के सकुशल आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन की कवायद दोबारा शुरू कर दी है। बता दें कि भर्ती बोर्ड ने पहले 32 लाख अभ्यर्थियों के आवेदन आने की संभावना के दृष्टिगत करीब 6500 परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय लिया था। अब परीक्षा दो दिन आयोजित होने की वजह से परीक्षा केंद्र चयनित करने में फिर से गहन मंथन किया जा रहा है।