यूपी: आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहेंगी अयोध्या दौरे पर, करेंगी रामलला के दर्शन, सख्त रहेगा सुरक्षा घेरा

अयोध्या: बुधवार को यानी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु  पहली बार अयोध्या पहुंचेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर राम मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। राष्ट्रपति रामलला का दर्शन करने के साथ आराध्य की आरती भी उतारेंगी।

उनका आगमन शाम चार बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा। यहां से हनुमानगढ़ी के लिए रवाना होंगी। शाम 4.50 बजे हनुमंत लला की आरती में शामिल होंगी। इसके बाद शाम 5.45 बजे सरयू पूजन और आरती करेंगी। यहां से रामजन्मभूमि पहुंचकर शाम 6.45 बजे रामलला के दर्शन कर आरती में शिरकत करेंगी। शाम 7.15 बजे कुबेर टीला के दर्शन करेंगी। इसके बाद हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर बुधवार को जिले में सुरक्षा घेरा सख्त रहेगा। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर व सरयू तट तक आधुनिक असलहों से लैस जवान जगह-जगह मुस्तैद रहेंगे। राष्ट्रपति के मार्ग में पड़ने वाले सभी होटल, धर्मशालाओं, लॉज को भी खंगाला गया है। उनमें ठहरे यात्रियों की भी पड़ताल की गई है।

शाम चार बजे एयरपोर्ट से उतरकर वह राम मंदिर व सरयू तट पर जाएंगी। इस दौरान सभी मार्गों पर पड़ने वाले मकानों पर असलहों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के अलावा सीआरपीएफ, आरएएफ, एटीएस व पीएसी के जवान भी जगह-जगह तैनात होंगे। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सादी वर्दी में अलग-अलग जगहों पर भी जवान तैनात रहेंगे। मंगलवार को ही पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों व अन्य जवानों के साथ रिहर्सल भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *