वृंदावन: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 27 जून को वृंदावन आ रहे हैं। वह 2 घंटे 30 मिनट तक ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में रहेंगे। वृंदावन में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही वेद मंत्रोच्चारण के मध्य राष्ट्रपति का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद गर्भगृह के सामने वीआईपी गैलरी में आएंगे। पूजन में राष्ट्रपति जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी को इत्र, गुलाब, फल एवं मिठाई निवेदित करेंगे।
ठाकुरजी देशी-विदेशी फूलों की छांव में विराजमान होकर दर्शन देंगे। मंदिर के कोने-कोने को फूलों से सजाया जाएगा।श्रीबांकेबिहारी मंदिर के राजभोग सेवायत बालकृष्ण गोस्वामी एवं अन्य सेवायत राष्ट्रपति को बांकेबिहारी की प्रसाद रूपी इकलाई ओढ़ाएंगे। राष्ट्रपति के 27 जून को वृंदावन आगमन से एक दिन पूर्व दिल्ली और लखनऊ के सुरक्षा अधिकारियों ने वृंदावन में डेरा डाल दिया है। सेना पुलिस से लेकर वायुसेना के अधिकारियों ने भी सुरक्षा की समीक्षा की। हेलीपैड से लेकर श्रीबांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर रिहर्सल कर कमियों को दूर किया गया।
अधिकारी अधीनस्थों से पल-पल पर अपडेट लेते दिखे। देर रात तक अधिकारियों के दौरे होते रहे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन का अलर्ट जारी है। जिन-जिन रास्तों से राष्ट्रपति गुजरेंगे, पुलिस उन इलाकों के दुकानदारों और मकान स्वामियों, गेस्ट हाउस आदि की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस बांकेबिहारी मंदिर के सौ मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के घरों में जांच पड़ताल कर रही है।