लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली की सीट हर हाल में अपने पास बनाए रखना चाहती है। इसलिए रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीटों पर जीत के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लगातार नुक्कड़ सभाएं कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील कर रही हैं।
इन सीटों पर अब राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी संयुक्त जनसभा कर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाएंगे राहुल- अखिलेश 17 मई को रायबरेली और अमेठी में संयुक्त जनसभा करेंगे। अमेठी में गांधी परिवार के करीबी रहे किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है और रायबरेली में राहुल गांधी खुद प्रत्याशी हैं।
2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को करीब 55000 वोटों से पराजित कर दिया था। एक बार फिर से कयास लगाए जा रहे थे कि इस सीट पर राहुल गांधी प्रत्याशी होंगे लेकिन राहुल ने रायबरेली से नामांकन दाखिल किया। वही बीते चुनाव में रायबरेली में सोनिया गांधी ने जीत दर्ज की थी। भाजपा ने रायबरेली सीट पर दिनेश प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ही सीटों पर पांचवे चरण में 20 मई को मतदान होगा।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी अमेठी और रायबरेली की सीट हर हाल में अपने पास बनाए रखना चाहती है। अब इन दोनों सीटों की कमान प्रियंका गांधी को सौंपी गई है। दोनों ही सीटों पर प्रियंका गांधी अपनी 40 सदस्यीय टीम के साथ काम पर लगी हुई हैं। इसके तहत वह घर-घर में दस्तक देंगी और नुक्कड़ सभाएं करेंगी। यह टीम प्रियंका के चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार कर रही।
