लखनऊ : यूपी विधानसभा में सपा के 17 विधायकों की सीट बदल गई है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया के अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष से सदन में उनके बैठने के लिए निर्धारित सीट (स्थान) को बदलने का आग्रह किया है, शिवपाल सिंह यादव ने प्रमुख सचिव विधानसभा को पत्र भेजकर विधानसभा में अपनी सीट बदलने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि सोमवार शाम को शिवपाल सिंह यादव व आजम खां की गोपनीय बैठक हुई। शिवपाल आजम के सरकारी आवास पहुंचे थे। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि आजम व शिवपाल ने राज्यसभा चुनाव से लेकर मौजूदा सत्र पर चर्चा की। इस बातचीत को आजम खां की नाराजगी की चर्चाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है। लेकिन दोनों ने मंत्रणा के संबंध में कुछ भी कहने से इनकार किया है।
विधानसभा में प्रवेश करते वक्त आजम खां ने भी किसी तरह की नाराजगी से इनकार किया। मुलायम सिंह यादव से बातचीत होने के सवाल पर उन्होंने सधे अंदाज में तंज कसा। कहा कि हो सकता है कि उनके पास हमारा फोन नंबर न हो। आजम खां के दोपहर बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की चर्चा थी, लेकिन वह बिना मिले लौट गए। आजम के नजदीकी लोगों का कहना है कि उनकी सेहत ठीक नहीं थी।
शिवपाल सिंह यादव, आजम खां को लेकर अखिलेश यादव के साथ ही मुलायम सिंह यादव पर भी हमलावर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि आजम को जेल से निकलवाने के लिए सपा ने पूरा प्रयास नहीं किया।
