‘एक पहल’ अभियान: आज पुलिस मुख्यालय में यूपी 112 की तरफ से सतर्क नागरिक सुरक्षित प्रदेश के तहत ‘एक पहल’ अभियान का शुभारंभ हुआ। यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने यूपी 112 के विशेष अभियान ‘एक पहल’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी को मुसीबत में देखकर वीडियो न बनाएं बल्कि यूपी 112 पर कॉल करें। संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु की सूचना यूपी 112 को देने में संकोच न करें।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि ‘एक पहल’ आम लोगों को संवेदनशील और सतर्क बनाने का अभियान है। छेड़छाड़, छींटाकशी और सड़क पर पड़े घायल की अनदेखी न करें। यह अभियान एक जगजागृति है। एक पहल कीजिए… यूपी 112 को कॉल कीजिए। एक पहल आम लोगों से सहयोग लेने का अभियान है।
उन्होने कहा कि डायल 112 पर कॉल करने वालों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। प्रदेश भर की कानून व्यवस्था कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है। महिला संबंधित अपराध या शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में तत्काल कार्रवाई होगी और जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश दस्यु मुक्त और फिरौती मुक्त हुआ है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। आठ साल पहले यूपी 112 का रिस्पॉन्स टाईम 40-45 मिनट था जो अब 8-9 मिनट है। सोशल मीडिया पर लोगों की मदद से ही यूपी पुलिस लगभग 450 लोगों को आत्महत्या करने से रोक पाई, उनकी जान बचाई जा सकी। इसमें 112 की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह बेहतर पुलिसिंग का ही नतीजा है कि आज हमारे एक्सप्रेसवे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
