उत्साह: नए साल का आगाज होने में अब चंद घंटे बाकी हैं। पिछले दो साल के दौरान कोविड को भुलाते हुए इस बार नए साल की शुरूआत ठाकुरजी दर्शन से करने की अभिलाषा लेकर लाखों भक्त मथुरा-वृंदावन आ गए हैं। सभी की इच्छाएं नए साल पर सूर्यनारायण की पहली किरणों के साथ ही ठाकुरजी का दीदार करने की हैं। जाते हुए साल के अंतिम दिन भी लाखों भक्त गोवर्धन की सात कोसीय परिक्रमा करेंगे फिर भोर में कन्हैया के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन की प्लानिंग है।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच नए साल की शुरुआत ठाकुरजी के दीदार के साथ करने के लिए लाखों भक्तों ने कन्हैया के द्वार पर डेरा डाल दिया है। कोई श्रीबांकेबिहारीजी का दीदार करेगा तो कोई श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर केशवदेव और द्वारिकाधीश का आशीर्वाद लेगा। बरसाना, गोकुल, बलदेव में भी विभिन्न आश्रमों में भक्त मौजूद हैं। देश भर से आए कान्हा के भक्तों की मौजूदगी के चलते मथुरा-वृंदावन के होटल, गेस्ट हाउस फुल हैं। माना जा रहा है कि इस बार दर्शनार्थियों की संख्या का रिकॉर्ड टूट सकता है।
वृंदावन के अधिकांश होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं बुक हैं। नववर्ष पर मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वर्ष 2018 में वृंदावन में नव वष मनाने के लिए लगभग 10 लाख भक्त आए थे। वृंदावन में अभी से हुई भीड़ को देखकर माना जा रहा है कि इस बार उससे अधिक लोगों के आने की संभावना है।
पिछले दो सालों में कोरोना के कारण लोग यहां पर नहीं आ पाए थे। इस बार फिलहाल स्थितियां सामान्य होने पर बड़ी संख्या में लोग मथुरा वृंदावन में आ चुके हैं। 31 दिसंबर और एक जनवरी को श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या रहेगी।